बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लेडी इंजीनियर का फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। प्रथम दृष्टिया ये मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं पर भी विचार कर रही है। महिला इंजीनियर का नाम प्रियंका कौशिक है। जानकारी के मुताबिक एक आर्किटेक्ट कंपनी में वो इंजीनियर के तौर पर काम करती थी। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कश्यप कॉलोनी की है।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुराना बस स्टैंड के पास कश्यप कॉलोनी में सृष्टि गर्ल्स हॉस्टल है। यहां बिल्हा क्षेत्र के बरतोरी निवासी प्रियंका कौशिक पिता मालिकराम (24 साल) रूम किराए पर लेकर रहती थी। उसने तीन साल पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद से पुराना बस स्टैंड के पास ही तिवारी आर्किटेक्ट के ऑफिस में बतौर इंजीनियर काम करती थी। शनिवार को वह ऑफिस नहीं गई और ना ही ऑफिस के अधिकारियों-कर्मचारियों के कॉल और मैसेज का जवाब दिया।
बताया जा रहा है कि प्रियंका फोन नहीं उठा रही थी और न ही वॉट्सऐप मैसेज का जवाब दे रही थी। इस पर उसके साथ काम करने वाला युवक शाम 4.30 बजे सृष्टि गर्ल्स हॉस्टल पहुंचा। उसने हॉस्टल संचालिका से उसके संबंध में पूछताछ की। हॉस्टल संचालिका उसके रूम में जाकर आवाज देने लगी। अंदर से आवाज नहीं आने पर उसने खिड़की का शटर हटाकर देखा, तब वह फंदे पर लटक रही थी।

युवक के साथ मिलकर उन्होंने दरवाजा को धक्का देकर खोल दिया। फिर उसके परिजन को सूचना दी। परिजन के पहुंचने के बाद इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

परिजन ने बताया कि प्रियंका के कान में हेडफोन लटक रहा था और उसका मोबाइल युवक के हाथ में था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना दिए बगैर ही रूम का दरवाजा तोड़ दिया गया था। आशंका है कि प्रियंका ने फोन से किसी से बात करते-करते यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजन की मांग पर अब पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है।

प्रियंका रोज शाम को अपनी मां से बात करती थी। उसके पिता मालिकराम किसान हैं। और मां अरुंधती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। शुक्रवार की शाम प्रियंका ने अपनी मां से आखिरी बार बात की थी। तब वह बिल्कुल सामान्य थी।
प्रियंका के साथ उसकी छोटी बहन विनीता कौशिक BSC फर्स्ट ईयर की छात्रा है। विनीता और उसकी सहेली भी रूम में प्रियंका के साथ रहती हैं। लेकिन, कॉलेज में कक्षाएं नहीं लगने के कारण दो-तीन पहले ही दोनों रूम छोड़कर गांव चली गईं। इस बीच प्रियंका रूम में अकेली रह रही थी।

TI प्रदीप आर्या ने बताया कि परिजन की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया है। परिजन को आपत्ति थी कि दरवाजा तोड़ने से पहले पुलिस को घटना की जानकारी क्यों नहीं दी गई। जिस युवक ने फोन रखा था, वह प्रियंका की जानकारी लेने गया था। पुलिस ने युवती का मोबाइल जब्त कर लिया है। साइबर सेल की मदद से उसकी जांच की जाएगी। युवती फोन से बात कर रही थी कि नहीं, इसका राज भी मोबाइल से ही खुलेगा। मोबाइल की जांच के बाद आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
View this post on Instagram





