लोकसभा चुनाव 2024: चुनाव प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ आएंगे मोदी, शाह, राजनाथ और नड्डा… जहां कांग्रेस के विधायक वहां BJP लगाएगी ज्यादा जोर; जानिए मेगा कैंपेन के लिए कहां आ सकते है PM?

  • हर लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ
  • जहां कांग्रेस के विधायक वहां ज्यादा जोर लगाएगी पार्टी
  • बस्तर और कोरबा आ सकते है PM मोदी

रायपुर। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब बारी है राजनितिक पार्टियों द्वारा चुनाव प्रचार की। छत्तीसगढ़ में भाजपा के स्टार प्रचारकों का आना जल्द शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अलग-अलग हिस्सों में जाकर प्रचार करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार सबसे अधिक सभाएं सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की होंगी। सरकार के 3 महीने के कामकाज का प्रचार करने भाजपा हर लोकसभा क्षेत्र में अपने रथ भेजेगी।

बस्तर और कोरबा आ सकते है PM मोदी
बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा ने बताया कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बड़े नेताओं के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। हम छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में विभाजित कर प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर चुके हैं। हर सीट की जरुरत को समझते हुए प्रचार का प्लान किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में PM मोदी की सभाएं बस्तर और कोरबा में हो सकती है क्योकि ये दोनों ऐसी सीटें रही हैं जहां से पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को कामयाबी नहीं मिली। माना जा रहा है कि जल्द ही कोरबा और बस्तर में PM मोदी की सभा आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के नेता और केंद्रीय नेतृत्व के बीच संपर्क किया गया है। जल्द की एक बैठक लेने अमित शाह भी छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। आने वाले सप्ताह में इसकी तारीखों का ऐलान हो सकता है।

जहां कांग्रेस के विधायक वहां ज्यादा जोर लगाएगी पार्टी
देशबंधु अखबार में प्रकाशित एक खबर की माने तो प्रदेश भाजपा के नेताओं को भी केंद्रीय टीम ने उन सीटोंपर विशेष अभियान चलाने की हिदायत दी है जहां विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली। लैलूंगा, सारंगढ़, खरसिया, धरमजयगढ, कोटा, मस्तुरी, अकलतरा, जांजगीर, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, सराईपालीए खल्लारी, बिलाईगढ़, कसडोल, भाटापारा, बिंद्रानवागढ़, सिहावा, धमतरी, संजारी बालोदए डौंडीलोहारा। गुंडरदेही, पाटन, भिलाई नगर, खैरागढ़, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, भानुप्रतापपुर, बस्तर, बीजापुर और कोंटा क्षेत्रों पर भाजपा ज्यादा ध्यान केंद्रित किए हुए है। ये वो सीटें हैं जो प्रदेश के 11 लोकसभा सीटों के तहत आती हैं और यहां कांग्रेस के विधायक हैं।

हर लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ
आपको बता दें कि, लोकसभा चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से 37 कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक और सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष के और भाजपा की प्रदेश सरकार के 3 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे। छत्तीसगढ़ के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता गए। गांव चलो नाम के इस अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव रायपुर ग्रामीण में दौरा कर चुकी हैं।

Exit mobile version