रायपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को नवा रायपुर के राजीव युवा मितान सम्मेलन में शामिल हुए। नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में यह आयोजन किया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि, छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने कई वादे पूरे किए। सरकार ने बिजली बिल हाफ किया, कर्ज माफ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश ने आज बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने नयी नियुक्तियों में स्टाइपेंड की शर्तें हटा दी है। मुख्यमंत्री आज राहुल गांधी की मौजूदगी में मंच से इस बात का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा की आज जब शिक्षकों को नयी नियुक्तियां दी जा रही थी, राहुल जी ने मुझसे कहा कि कोरोना काल में नयी नियुक्तियां होती थी, मैंने कहा, उस वक्त आर्थिक तंगी थी, इसलिए स्टाइपेंड नियम को लागू किया गया था, जिसके तहत 70, 80 और 90 परसेंट स्टाइपेंड दिया जाता था। राहुल गांधी ने कहा कि अब कोरोना काल खत्म हो गया है, इसलिए स्टाइपेंड को खत्म किया जाना चाहिये, मैं आज राहुल गांधी जी की मौजूदगी में इस बात का ऐलान करता हूं कि स्टाइपेंड खत्म किया जायेगा। नयी नियुक्ति में अब 70, 80 और 90 परसेंट की स्टाइपेंड की शर्तें नहीं रहेगी

राजीव युवा मितान सम्मेलन में आज लोकसभा सांसद राहुल गांधी एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर एवं सरगुजा सम्भाग हेतु स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सीधी भर्ती से नियुक्त 2000 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम में बस्तर व सरगुजा संभाग में नियुक्त 20 शिक्षकों को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र प्रदान किया। वही राजीव युवा मितान क्लब में बेहतर काम करने वाले 5 क्लबो को शाल और श्रीफल देकर समान्नित किया गया।

गौरतलब है कि राज्य गठन के बाद पहली बार शिक्षकों की सीधी भर्ती की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मार्च 2019 में व्याख्याता शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 14580 पदों पर सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। विज्ञापित पदों के विरुद्ध 10834 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। वर्तमान में बस्तर व सरगुजा संभाग के लिए 12489 व्याख्याता, शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के पदों में सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया।

व्याख्याता की नियुक्ति के पश्चात मुख्यमंत्री निवास में 12 अगस्त 2023 को 232 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था। इसी प्रकार शिक्षकों के विज्ञापित 5772 पदों में से 3449 पदों के लिए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किया जा रहा है। इनमें से 2000 अभ्यर्थियों को आज एक साथ नया रायपुर स्थित राजीव युवा मितान सम्मेलन में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा की पांच साल पहले जब राहुल गांधी जी आये थे तो उन्होंने कहा था कि ऐसी योजनाएं बनाएं जिससे आम आदमी को लाभ हो, आदिवासियों को लाभ हो, किसानों को लाभ हो। हमने ऐसी योजनाएं बनाई जिससे लोगों को लाभ हुआ। किसानों को लाभ मिला। छत्तीसगढ़ में हम प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस नहीं लेते। पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा हमारे साथ है। युवा राष्ट्र की संपत्ति है और इस ऊर्जा का सही उपयोग हमें करना है।

हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी दे रहे हैं। हम लोगों को अधिकार संपन्न बनाते हैं। नेहरू जी से लेकर मनमोहन सिंह जी तक जब तक हमें अवसर मिला, लोगों को ताकत देने का काम किया है।
राहुल गांधी ने युवाओं को संबोधित करते कहा कि, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं। कुछ महीने पहले कर्नाटक में चुनाव हुआ, तब भाजपा को करारी हार मिली। एक तरफ भाजपा और उनकी विचारधारा थी। दूसरी तरफ हमारी विचारधारा थी। उनका काम नफरत और हिंसा फैलाने का था। हमारा काम सबको जोड़ने का था। हमने नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली है। कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस के वादों पर विश्वास किया है। इसलिए कांग्रेस ने जीत हासिल की है। साथ ही कहा कि, कर्नाटक के हर गरीब व्यक्ति ने पूरा दम लगाकर कांग्रेस को जिताया है। यही कभी छत्तीसगढ़ में भी हुआ था।

साथ ही उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी को बताना चाहिए, कि वे अडानी पर जांच क्यों नहीं करते। कांग्रेस सरकार झूठे वादे नहीं करती। पीएम मोदी ने कहा कि, काला धन वापस आएगा। लेकिन उल्टा देश का धन बाहर जा रहा है। इंटरनेशनल न्यूजपेपर कह रहे हैं।

आदिवासियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि, आदिवासी देश के असली मालिक हैं। हम उनके अधिकारों की रक्षा कर रहे हैं। लेकिन बीजेपी उनके लिए वनवासी शब्द का इस्तेमाल करती है। इस शब्द के पीछे उनकी गलत सोच है। बीजेपी कहती है, वे सिर्फ जंगल में रहे, आगे ना बढ़े। कांग्रेस सरकार कहती है कि, जंगल के साथ उन्हें अपने सपने पूरे करने का भी हक है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, मैंने छत्तीसगढ़ के CM बघेल जी से कहा था कि, हमारा फोकस छोटे व्यापारियों पर होना चाहिए। छत्तीसगढ़ देश का सेंटर है, इस प्रदेश को लॉजिस्टिकल सेंटर बनाना है।

राहुल गांधी ने कहा कि, बीजेपी सरकार, मणिपुर में नफरत फैला रही है। बीजेपी जहां भी नफरत फैलाएगी, कांग्रेस कार्यकर्ता वहां जाकर प्यार बांटेंगे और जोड़ने का काम करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा से भी हमने जोड़ने का काम किया। यात्रा का मैसेज था कि, सबसे पहले हम हिंदुस्तानी हैं। हमें सबके साथ जुड़कर इज्जत से रहना है।