दुर्ग। दुर्ग जिले में बीती रात एक सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि, मंगलवार देर रात रिसाली निगम क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार कार की स्पीड इतनी तेज थी कि डिवाइडर में चढ़ते ही वो 3 फिट हवा में उछली और तीन बार पलटी। इस दुर्घटना में कार चालक युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये मामला नेवई पुलिस थाना क्षेत्र का है।
नेवई पुलिस के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार रात तकरीबन 10.30 से 11 बजे के बीच हुई है। दो युवक स्कार्पियो CG 04 NT 0711 से Durg-Utai रोड पर जा रहे थे। वो जैसे ही मरोदा सेक्टर के पास पहुंचे उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराते ही गाड़ी हवा में उछली और तीन बार पलटती चली गई। तीन बार पलटने से कार में सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि, गाड़ी पलटने से तेज आवाज आई। इससे वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने 112 को फोन करके बुलाया। पुलिस की वैन ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। नेवई टीआई का कहना है मृतक रुआबांधा सेक्टर का रहने वाला है। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी मिलते ही आगे का अपडेट दिया जाएगा।