बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक 48 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि घर लौट रही महिला को गांव के ही तीन युवकों ने जबरन खेत में ले जाकर उसकी साड़ी से हाथ-पैर बांध दिए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उस पर पेशाब किया।
घटना रघुनानगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता शनिवार शाम खेत की जुताई का भुगतान करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने उसे रोक लिया और जबरन सड़क किनारे खेत में ले गए। वहां महिला को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद एक व्यक्ति ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पीड़िता ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली, क्योंकि वे उसी गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान तुलसीदास साहू, चरकू साहू और राजकुमार खेरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां अक्सर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है।
बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

