CG
रायपुर: राजधानी रायपुर की पुलिस ने चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ताज्जुब की बात यह है कि यह गिरोह किसी बाइक या साधारण वाहन से नहीं, बल्कि लग्जरी इनोवा कार में सफर करता था। पुलिस ने गिरोह की मास्टरमाइंड संध्या सकटे समेत 7 महिलाओं और 1 पुरुष को गिरफ्तार किया है।

भीड़ का फायदा उठाकर कटर से काटते थे चेन
पुलिस पूछताछ में गिरोह के चौंकाने वाले तौर-तरीकों का खुलासा हुआ है। यह गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों को अपना निशाना बनाता था। गिरोह की महिलाएं पीड़ित को चारों तरफ से घेर लेती थीं और धक्का-मुक्की का नाटक करती थीं। इसी बीच पलक झपकते ही कटर की मदद से गले से सोने की चेन पार कर दी जाती थी। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी की रकम से ही इनोवा कार खरीदी थी ताकि किसी को उन पर शक न हो।

66 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शिकायत ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
गिरोह का पर्दाफाश 8 अप्रैल को डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में हुई एक वारदात के बाद हुआ। यहां 66 वर्षीय निर्मला वर्मा की चेन चोरी हुई थी। उनके बेटे तरुणेन्द्र वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने जब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो कुछ संदिग्ध महिलाएं नजर आईं।

भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ा
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी की। वहां संदिग्ध इनोवा कार को घेरकर जब पूछताछ की गई, तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने रायपुर के निम्नलिखित इलाकों में वारदातें करना स्वीकार किया:
- सरस्वती नगर
- खमतराई
- कोतवाली
- गोलबाजार

जब्त सामान और गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल कटर, 4 मोबाइल फोन और लग्जरी इनोवा कार जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- संध्या सकटे (मुख्य सदस्य, इंदौर)
- सोनिया हातागले (इंदौर)
- साखरा बाई (इंदौर)
- ज्योति सकटे (इंदौर)
- सरिता ज्वरे (इंदौर)
- सपना हातागले (इंदौर)
- अभय हतागले (पुरुष, इंदौर)
- उज्वाला हातागले (महाराष्ट्र)

