ऑपरेशन निश्चय : कपड़ा फेरीवालों के भेष में हो रही थी गांजा तस्करी, 378 किलो गांजा जब्त, 12 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नए और शातिर तरीके का पर्दाफाश किया है। महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले में अंतरराज्यीय चेकपोस्टों पर की गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है।

कार्रवाई में 11 वाहन, मोबाइल और अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में 12 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार तस्करों ने इस बार कपड़ा फेरीवालों का भेष अपनाकर गांजा तस्करी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने मोटरसाइकिलों की पिछली सीट पर लोहे की जाली से विशेष कम्पार्टमेंट बनवाया था, जिसके ऊपर कपड़ों का ढेर रख दिया जाता था ताकि किसी को शक न हो। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांजा उड़ीसा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी एम्बुलेंस, केला परिवहन, मुवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस ट्रेवल्स और ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी के प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन रायपुर रेंज पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त कर रही है।

महासमुंद में सबसे बड़ी कार्रवाई

महासमुंद जिले के थाना बसना क्षेत्र में पुलिस ने 5 मोटरसाइकिलों पर सवार तस्करों को पकड़ा। आरोपी खुद को सड़क किनारे कपड़ा बेचने वाला बताकर गांजा ले जा रहे थे। पुलिस ने यहां 215 किलो गांजा जब्त किया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में 23 किलो गांजा के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका में घेराबंदी कर एक होंडा साइन बाइक से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया।

महासमुंद जिले में कुल 247 किलो गांजा, 7 मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल और गांजा छिपाने के लिए उपयोग किए गए लोहे के जाले जब्त किए गए। यहां कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।

धमतरी में 131 किलो गांजा बरामद

धमतरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान 131.005 किलो गांजा जब्त किया गया। यहां 2 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने 3 मोटरसाइकिलें, मोबाइल और नगदी भी जब्त की है। आरोपियों ने यहां भी कपड़ा फेरीवालों का रूप धारण कर बाइक में बनाए गए विशेष कम्पार्टमेंट में गांजा छिपा रखा था।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बैतूल, रायसेन, खंडवा, अनुपपुर, नागपुर और ललितपुर के निवासी शामिल हैं। रायपुर रेंज पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करों द्वारा लगातार नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, लेकिन तकनीकी निगरानी, सटीक सूचना और मुस्तैद नाकेबंदी के चलते तस्करी के नेटवर्क को लगातार ध्वस्त किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

CG News : प्रेमी जोड़े ने लगाई फांसी, एक...

सरगुजा। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के सरगवां गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के एक प्रेमी जोड़े ने एक साथ...

फार्म हाउस में खूनी विवाद : पत्नी की पिटाई...

दुर्ग: पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के मोहन्दी गांव में पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर मारपीट करने वाले एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने...

घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस का कब्जा : अध्यक्ष...

राजनांदगांव। नगर पंचायत घुमका के अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को...

NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI का प्रदर्शन,...

बिलासपुर। NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को एनएसयूआई (NSUI) ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव कर जोरदार...