जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में काले कागज को विशेष केमिकल के जरिए असली नोट में बदलने का झांसा देकर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। साइबर थाना और नवागढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये ठगने की कोशिश की थी, लेकिन पीड़ित की सतर्कता के चलते रकम बच गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया और फोन कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद काले कागज को विशेष केमिकल की मदद से असली नोट में बदलने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश करते थे। इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड शिवप्रसाद मनहर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शिवप्रसाद मनहर का नाम पूर्व में भी नकली नोट से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है और उसके खिलाफ चालान पेश किया जा चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कितने समय से इस तरह की ठगी कर रहे थे और उनके संपर्क में कितने लोग थे।
केमिकल पाउडर और काले कागज बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से केमिकल पाउडर, 6 नग काले कागज और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल फोन की जांच के जरिए पुलिस आरोपियों के सोशल मीडिया संपर्क, कॉल डिटेल और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
न्यायालय ने भेजा न्यायिक रिमांड पर
साइबर थाना और नवागढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इस ठगी के पीछे सक्रिय अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

