बिरसा मुंडा के वीडियो को लेकर भूपेश बघेल पर भड़के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, बोले- घटिया राजनीति का स्तर दिखाता है आपका पोस्ट

रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा को लेकर सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस पोस्ट पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के वीडियो को राजनीतिक रूप देने की कोशिश भूपेश बघेल की घटिया राजनीति के स्तर को दर्शाती है।

ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भूपेश बघेल ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें उन्होंने ऐसा कुछ भी गलत नहीं कहा है, जिस पर आपत्ति होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आजादी के बाद कांग्रेस को 50 साल से अधिक समय तक देश में शासन करने का अवसर मिला, इसके बावजूद आदिवासी समाज से किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति क्यों नहीं बनाया गया?

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आदिवासी समाज से पहली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिलीं। उन्होंने भूपेश बघेल से पूछा कि क्या इस तथ्य का उल्लेख करना गलत है?

जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भी उठाए सवाल

ओपी चौधरी ने अपने बयान में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के निर्णय का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, जो आज पूरे देश में मनाया जाता है।

उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर इसी तरह मनाने की पहल क्यों नहीं की गई? चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति गांधी परिवार के इर्द-गिर्द ही केंद्रित रही है और उसे इससे आगे कुछ दिखाई नहीं देता।

CBI केस का जिक्र कर भूपेश बघेल पर तंज

वित्त मंत्री ने भूपेश बघेल पर तकनीक के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उनके CBI केस का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भूपेश बघेल को अपने CBI केस के बारे में भी छत्तीसगढ़ की जनता को एक बार याद दिलाना चाहिए।

हिंदी साहित्य की पढ़ाई का जिक्र कर दिया जवाब

ओपी चौधरी ने भाषा और अभिव्यक्ति को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद IAS के रूप में चयनित होना उनके लिए गौरव की बात रही है। गणित का विद्यार्थी होने के बावजूद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में हिंदी साहित्य को एक विषय के रूप में चुना था।

उन्होंने कहा कि विद्यादायिनी मां सरस्वती के आशीर्वाद से उन्हें हिंदी साहित्य का अध्ययन करने का अवसर मिला। भाषाई विषयों में लगातार सीखने के लिए तत्पर रहने के बावजूद वह भूपेश बघेल जैसे नेताओं से किसी तरह का प्रमाणपत्र नहीं लेंगे।

बिरसा मुंडा जयंती पर कार्यक्रम को लेकर भी मांगा जवाब

ओपी चौधरी ने भूपेश बघेल की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके ऑपरेटर द्वारा तैयार किया गया एक पोस्ट जरूर देखा, लेकिन जनता के बीच उनकी कोई सक्रियता नजर नहीं आई।

उन्होंने भूपेश बघेल से पूछा कि क्या उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनता के बीच कोई कार्यक्रम आयोजित किया था? यदि ऐसा कोई कार्यक्रम हुआ है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है तो भूपेश बघेल को आदिवासी समाज, प्रदेश और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

सुकमा पुलिस की बड़ी कामयाबी : ओडिशा से दिल्ली-NCR...

सुकमा। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक गांजे की खेप पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह पर सुकमा पुलिस ने शिकंजा...

बेटी से एकतरफा प्रेम को लेकर विवाद, नाबालिग ने...

जगदलपुर। शहर के पनारा पारा इलाके में आपसी विवाद के दौरान एक नाबालिग ने पड़ोस में रहने वाले 45 वर्षीय मन्नू कश्यप पर चाकू...

प्रतापपुर में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा : हाथियों के...

सूरजपुर। जंगली हाथियों के लगातार हमलों और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।...

दर्री डेम में मिला ASI के बेटे का शव,...

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में रविवार को एक 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी...