कवर्धा। भाई दूज के दिन कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के बनिया और गौरमाटी गांव के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिलों पर कुल छह लोग सवार थे। बनिया और गौरमाटी गांव के बीच दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
एंबुलेंस और डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल थान खम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।
मृतकों की पहचान और हादसे की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रणवीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। भाई दूज के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

