रायपुर में ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम: सुरक्षा बलों की कलाई पर बंधी रक्षासूत्र, शहीद की पत्नी ने CM साय को बांधी राखी

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले राजधानी के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में भावुक और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। रायपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों, स्वच्छता दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों की बहनों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों, सेना और पुलिस के लगभग 800 जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत की। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब वर्ष 2017 में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ सदैव खड़ी रहेगी।

कार्यक्रम की मुख्य बातें:

  • नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ता प्रदेश: मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के खात्मे की ओर बढ़ रहा है। अब ऐसा समय आ रहा है जब नक्सल हिंसा के कारण किसी बहन का सुहाग नहीं उजड़ेगा और न ही किसी मां का बेटा छिनेगा।
  • महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त: रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की लगभग 68 लाख बहनों के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की अगली किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।
  • लखपति दीदी अभियान: प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार से अधिक बहनें ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिली है।

रायपुर जिले को मिले 5 नए अभिनव प्रोजेक्ट्स

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने रायपुर जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए 5 प्रमुख प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया:

  1. हरित पोषणम्: आंगनबाड़ियों और महिला समूहों के माध्यम से पोषण वाटिकाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
  2. प्रोजेक्ट निरामय: जिले के 215 स्कूलों के करीब 66 हजार विद्यार्थियों की निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्त जांच की जाएगी।
  3. तिरंगा शक्ति फेस्ट: युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए हर माह सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजन होंगे।
  4. रायपुर अनफिल्टर्ड: छत्तीसगढ़ की नामचीन हस्तियों और कलाकारों के अनुभवों को पॉडकास्ट के माध्यम से जनता के सामने लाया जाएगा।
  5. प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः: सौंरा (सपेरा) समुदाय के परिवारों को शासकीय योजनाओं (आवास, आयुष्मान आदि) की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Exit mobile version