CG News: नौकरी का झांसा देकर महिला से गैंगरेप, एक आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला को सुनसान जगह ले जाकर दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, दो युवकों ने महिला को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर अपने झांसे में लिया। इसके बाद उसे मेघा पुल के पास स्थित एक सुनसान नर्सरी में ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़िता ने कुरुद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र साहू, निवासी बगदही, जिला बालोद के रूप में हुई है। वहीं उसका दूसरा साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी व्यक्ति के नौकरी दिलाने या अन्य किसी तरह के लालच में न आएं। अनजान व्यक्ति के साथ किसी सुनसान या अपरिचित स्थान पर जाने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन जरूर करें। पुलिस ने कहा है कि किसी भी बहकावे में आने के बजाय पहले पूरी तरह तहकीकात करें और उसके बाद ही भरोसा करें।

Exit mobile version